
पूरे उत्तर भारत के राज्यों में अगले दो-तीन दिन लगातार बारिश होगी। मैदान से लेकर पहाड़ी इलाकों तक इस वक्त तेज बारिश हो रही है। उत्तराखंड, हिमाचल और महाराष्ट्र में बारिश से बुरा हाल है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में आज भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से लेकर पहाड़ों तक बारिश का दौर जारी है। राजस्थान में मानसून सीजन में अब तक 21% ज्यादा बरसात हो चुकी है। मध्य प्रदेश में पिछले 3 दिन से लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। हालांकि बारिश के बाद भी दिल्ली में उमस भरी गर्मी का सितम जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 35 तक जा सकता है वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक आज महाराष्ट्र के पालघर, सतारा और पुणे जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी है। वहीं रायगढ़, सिंधुदुर्ग, मुंबई, ठाणे, और नासिक के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। झारखंड और बिहार के कुछ जिलों में आज से लेकर 6 अगस्त तक तेज बारिश की आशंका है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। रविवार को भी राज्य के 23 जिलों में बारिश की संभावना है। 6 जिलों में भारी बारिश तो 17 जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश की अगर बात करें तो आज इसके कुछ स्थानों पर मध्यम से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात में आज तेज बारिश तो वहीं उत्तराखंड में 7 अगस्त, त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड में कल वहीं असम और मेघालय में 6 से 9 अगस्त तक तेज बारिश के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों में बादल फटने की घटनाओं के कारण 114 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 7 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान जताया है और यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 27 जून से 1 अगस्त के बीच बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड में 79 लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, असम, मेघालय, केरल, तमिलनाडु राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












