DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

सीएम धामी और योगी के बीच परसंपत्तियों को लेकर समझौते पर हरीश रावत ने उठाए सवाल

Harish Rawat and CM Dhami
Harish Rawat and CM Dhami

विधानसभा चुनावों से पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात के बाद पिछले 21 सालों से चला आ रहा दोनों राज्यों के बीच परिसंपत्तियों का मामला सुलझाने के बाद इसे ऐतिहासिक फैसला बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर विपक्ष कांग्रेस यूपी-उत्तराखंड के बीच हुए संपत्तियों के बंटवारे पर सवाल उठा रहे हैं। शनिवार को राजधानी देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके धामी सरकार पर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार ने परिसंपत्तियों के समझौते के मामले में उत्तर प्रदेश के आगे सरेंडर कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के उत्तराखंड के साथ हुए परिसंपत्तियों के समझौते का कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक विरोध करेगी। हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में राज्यपाल से मिलेगी और इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट भी जाएगी। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र रावत सरकार में यूपी के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर 75:25 के अनुपात का फार्मूला अपनाया गया था, जबकि अब कहा जा रहा है कि परिसंपत्तियों का सर्वेक्षण किया जाएगा। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर शनिवार को उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे के बाद मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी के देहरादून आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। महिला मोर्चा अध्यक्ष कमली भट्ट के नेतृत्व में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया और एक रैली के साथ उनको पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री आवास तक ले जाया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ परिसंपत्तियों के बंटवारे का मामला जो कई वर्षों का लंबित था मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में सुलझा लिया गया है।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News