शनि, अप्रैल 4, 2026

Ganga Expressway: PM Modi to lay foundation stone in UP today

पीएम मोदी आज शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का करेंगे शिलान्यास, 25000 लोगों को रोजगार मिलने के आसार

Ganga Expressway: PM Modi to lay foundation stone in UP today

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के रोजा रेलवे ग्राउंड में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास करेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री लगभग एक लाख लोगों की जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन की ओर से सभी तैयारी मुकम्मल कर ली गई हैं। 
प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के कई कैबिनेट मंत्री सभास्थल पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात परिवर्तित किया जाएगा। सीतापुर और बरेली की ओर से आने वाले वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। नेशनल हाईवे पर सिर्फ रैली में शामिल होने वाले वाहन ही चलेंगे। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा शिलान्यास होने वाला यह गंगा एक्सप्रेस-वे 12 जिलों को जोड़ने वाला होगा। यह एक्सप्रेस-वे राज्य में आसान ट्रांसपोर्टेशन के साथ साथ रोजगार सृजन का माध्यम बनेगा। एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक कलस्टर बनाए जाने के साथ ही शाहजहांपुर में प्रस्तावित हवाई पट्टी सेना के लिए सहायक साबित होगी। यह एक्सप्रेस-वे शाहजहांपुर के विकास की रफ्तार तेज करेगा। 

बता दें की 594 किलोमीटर तक का लंबा यह सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज में जूड़ापुर दांदू में नेशनल हाईवे-19 में मिलेगा। एक्सप्रेस-वे बनने के बाद लखनऊ से मेरठ की दूरी महज पांच घंटे की रह जाएगी। गंगा एक्सप्रेस पर वाहनों की गति करीब 120 किमी प्रति घंटा होगी। गंगा नदी पर लगभग 960 मीटर और रामगंगा नदी पर लगभग 720 मीटर लंबाई के दीर्घ पुल बनेंगे। परियोजना की कुल लागत 36, 230 करोड़ रुपये आंकी गई है। एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों से जमीन का अधिग्रहण लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

एक्सप्रेस-वे पर मिलेंगी कई सुविधाएं:
इस एक्सप्रेसवे के किनारे दी जाने वाली सुविधाओं को भी दिखाया गया है। इसमें कार, बस के लिए पार्किंग, पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन, सर्विस स्टेशन, फूड आउटलेट, ढाबा, पानी पीने के बूथ, शौचालय ब्लॉक को शामिल किया गया। इस सुविधाओं को देने के लिए 250 मीटर लंबा और 200 मीटर चौड़ा स्थान लिया जाएगा। 

एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर औद्योगिक कॉरिडोर बनेंगे। एक्सप्रेसवे के नजदीक उद्योग लगेंगे। इससे 25 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। हाईवे किनारे शिक्षण संस्थाएं, कृषि आधारित उद्योग लगेंगे। कोल्ड स्टोरेज, हैंडलूम उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां, मंडी तथा दुग्ध आधारित उद्योगों आदि की स्थापना में सहायक होगा।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News