
महाराष्ट्र की राजनीति में आज-कल दो दिन महत्वपूर्ण हैं। आज बुधवार को मुख्यमंत्री पद का एलान होगा और कल गुरुवार को मुंबई में शपथ ग्रहण होने जा रहा है। महाराष्ट्र में विधायक दल की बैठक बुधवार को 11 बजे होगी। मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं अजित पवार और एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री होंगे। इसके अलावा शिंदे के पास जो मंत्रालय होंगे वह भी तय हो गए हैं। इसके बाद भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक विजय रूपाणी और निर्मला सीतारमण एकनाथ शिंदे से मिलेंगे। उनकी मौजूदगी में अंतिम सत्ता-साझेदारी के फॉर्मूले पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद मनोनीत मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री राज्यपाल से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।भाजपा विधायक दल की बैठक विधान भवन में होगी। विधायकों के साथ ही पार्टी के विधान परिषद सदस्य भी बुलाए गए हैं। नियम के अनुसार सभी विधायकों से विधान मंडल के नेता का नाम पूछा जाएगा। जिस विधायक को दल का नेता चुना जाएगा, वह राज्य का अगला मुख्यमंत्री होगा। देवेंद्र फडणवीस के करीबी विधायक गिरीश महाजन ने पिछले दो दिनों में कई विधायकों से मुलाकात कर निरीक्षक के समक्ष मुख्यमंत्री पद के लिये देवेंद्र फडणवीस का नाम लेने का निवेदन किया है। जानकारी के मुताबिक कल सिर्फ तीन प्रमुख नेताओं का ही शपथ ग्रहण होगा। उससे पहले आज महायुति की बैठक भी होने वाली है जिसमें देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री के नाम पर और एकनाथ शिंदे, अजित पवार को उप-मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत किया जा सकता है। इस तरह से महाराष्ट्र में पहले की ही तरह एक मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री होंगे। रिपोर्टों से मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे रमहायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में काम करने के लिए सहमत हो गए हैं। मंगलवार को पहले महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नियमित जांच के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचे। अस्पताल से अपने आधिकारिक आवास वर्षा के लिए रवाना होने से पहले एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैं जांच के लिए आया हूं। मेरा स्वास्थ्य ठीक है। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि शिंदे को गले में तकलीफ है। डॉक्टर ने बताया, मुख्यमंत्री को बुखार और संक्रमण था, जिससे कमजोरी हो गई थी। एहतियात के तौर पर उनका एमआरआई स्कैन भी कराया गया। शिंदे के अस्पताल से लौटने के कुछ घंटे बाद बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस उनके आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पहुंचे। पिछले सप्ताह दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी। एनसीपी प्रमुख अजीत पवार ने दिल्ली में पार्टी के सहयोगी प्रफुल्ल पटेल से उनके आवास पर मुलाकात की। अजित पवार मंगलवार को मुंबई पहुंचे हैं। कहा जा रहा है कि एकनाथ शिंदे, अजित पवार और बीजेपी नेता एक साथ आजाद मैदान पहुंचेंगे और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वे अपनी एकता भी दिखाएंगे।नई महायुति सरकार के लिए शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को निर्धारित है। मुंबई के आजाद मैदान में एक हाई-प्रोफाइल शपथ ग्रहण समारोह में एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फड़नवीस और एनसीपी नेता अजीत पवार के साथ शपथ लेंगे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












