
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
राजधानी दिल्ली में मानसून के शुरू होते ही डेंगू का भी कहर शुरू हो गया है। हर साल की तरह इस साल भी राजधानी दिल्ली में मानसून में डेंगू की रफ्तार तेज हो गई है। दिल्ली में पिछले हफ्ते डेंगू के 56 मामले दर्ज किए गए।डेंगू धीरे-धीरे दिल्ली को अपनी चपेट में ले रहा है। साथ हीं चिंता की बात यह भी है कि बरसाती मौसम में मलेरिया के भी मामले सामने आने लगे हैं। पिछले हफ्ते मलेरिया के भी 11 मामले दर्ज किए गए। मच्छर जनित बीमारी का प्रसार बढ़ गया है।
दिल्ली नगर निगम ने जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू और मलेरिया के मामले में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली नगर निगम ने बताया कि इस हफ्ते डेंगू के मामले दोगुना हो गए हैं। पिछले साप्ताह डेंगू के 24 मामले दर्ज किए गए थे। 56 नए मामलों के साथ 28 जुलाई तक डेंगू की कुल संख्या अब 243 हो गई है। डेंगू के मामलों की मौजूदा संख्या पिछले छह वर्षों में सबसे अधिक है।
1 जनवरी से 28 जुलाई 2023 के बीच रिपोर्ट किए गए 243 डेंगू मामलों की तुलना में, शहर में 2022 में इसी अवधि में 169 मामले, 2021 में 52 मामले, 2020 में 31 मामले, 2019 में 40 मामले और 2018 में 56 मामले दर्ज किए गए थे।
एमसीडी के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले महीने शहर के कुछ हिस्सों में बाढ़ और जलभराव का सामना करने के अलावा, मामलों में वृद्धि का श्रेय पिछले साल इसे उल्लेखनीय बीमारी घोषित किए जाने को भी दिया जा सकता है, जिसके कारण स्वास्थ्य संस्थानों से बेहतर रिपोर्टिंग हुई।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू वायरस की जीनोम सीक्वेंसिंग की थी और पाया कि 20 में से 19 नमूने टाइप 2 डेंगू के थे, जो अधिक खतरनाक माना जाता है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












