सैफ अली खान के हमले पर कई खुलासे आने शुरू हो गए हैं।, पुलिस जांच में जुटी।
Deadly Attack on Saif Ali Khan Shocks Bollywood! How Did the Attacker Get Past Security? Serious Questions Raised
नवाब पटौदी, शर्मिला टैगोर के पुत्र और बॉलीवुड फिल्म अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से जानलेवा हमले के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्रीज आवाक है। इतनी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हमलावर सैफ अली खान पर हमला कैसे कर गया। गुरुवार सुबह से ही मीडिया और सोशल मीडिया पर सैफ अली खान पर हुआ हमला ट्रेंड हो रहा है। हमले के बाद सैफ अली खान को मुंबई स्थित प्रसिद्ध हॉस्पिटल लीलावती में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टर की टीम अभिनेता के इलाज करने में जुटी हुई है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि सैफ अली खान पर हमला कैसे हो गया। हाई सिक्योरिटी सोसाइटी में हमलावर कैसे घुसा? हमला करने के बाद शोर-शराबे के बीच वह भागने में कामयाब कैसे हुआ? मेड क्या रात में घर पर ही रुकती थी? हमलावर की उससे बहस क्यों हो रही थी? क्या हमलावर मेड का परिचित था? क्या उसी ने हमलावर को घर में एंट्री दी थी? हमलावर कौन थे, इसका पता नहीं चल सका है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस सैफ के घर से तीन लोगों को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन लेकर गई है। इस बीच मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम भी मामले की जांच करने के लिए सैफ के घर पहुंच गई है।
एक्टर सैफ अली खान पर बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे मुंबई में खार स्थित उनके घर पर चाकू से हमला किया गया। सैफ के गले, पीठ, हाथ, सिर पर चाकू लगा है। सैफ को रात 3 बजे लीलावती हॉस्पिटल लाया गया। जहां उनकी सर्जरी की गई। बताया जा रहा है कि वो खतरे से बाहर हैं। वहीं लीलावती अस्पताल में उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों का बयान आया है जो कि काफी परेशान करने वाला है। लीलावती अस्पताल के सीओओ डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया कि सैफ अली खान को सुबह साढ़े तीन बजे अस्पताल लाया गया। उत्तमानी ने बताया कि सैफ को 6 बार चाकू घोंपा गया है और दो घाव गहरे हैं। इसमें से एक रीढ़ के पास लगा है। न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. लीना जैन और एनेस्थेटिस्ट डॉ. निशा गांधी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम उनका ऑपरेशन कर रही है। इस खबर से अब एक्टर के फैंस काफी परेशान हैं। दरअसल खबर आई थी कि सैफ अली खान के बांद्रा वाले घर में बुधवार रात चोरी के इरादे से आए चोर ने एक्टर पर चाकू से हमला कर दिया था। जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति सैफ के घर में घुसा और उनकी नौकरानी से बहस की। जब एक्टर ने हस्तक्षेप की और उस व्यक्ति को शांत करने की कोशिश की, तो उसने एक्टर पर हमला कर दिया।
इसके बाद एक्टर को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस कांड के बाद सैफ के घर पुलिस और क्राइम ब्रांच के अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच कर रहे हैं। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ समेत तमाम नेताओं ने इस घटना की निंदा करते हुए नागरिक सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। वर्षा गायकवाड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, इस निर्लज्ज हमले से बेहद स्तब्ध हूं। मुंबई में क्या चल रहा है? बांद्रा में ऐसा होना चिंता का विषय है। ऐसे में आम आदमी कैसे सुरक्षा की उम्मीद कर सकता है? आए दिन हम मुंबई और एमएमआर में बंदूक हिंसा, डकैती, चाकूबाजी की घटनाओं के बारे में सुनते हैं और सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। हमें जवाब चाहिए। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि सैफ अली खान के घर में घुसकर चोरों ने उन पर रात को जानलेवा हमला किया। चाकू घोंपकर उन्हें घायल कर दिया। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। ये सब खबर सुनकर मन बहुत दुखी होता है कि अगर इस देश में सेलीब्रेटी सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों का क्या होगा? कभी सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग हो जाती है, कभी सैफ अली खान को चाकू घोंप दिया जाता है, वहीं बाबा सिद्दीकी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी जाती है।
महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। इस मामले में सीएम देवेंद्र फडणवीस को संज्ञान लेना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और लोग डरे हुए हैं कि अगर सैफ अली खान के घर में चोर घुसकर चाकू से हमला कर रहे हैं तो फिर किसी झुग्गी-झोंपड़े में घुसकर तो कभी भी किसी को मारा जा सकता है। ऐसी घटनाओं पर सरकार को ध्यान देने की आवश्यकता है। सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर बीजेपी विधायक राम कदम ने कहा कि प्रतिभाशाली कलाकार सैफ अली खान पर हमला कथित तौर पर एक व्यक्ति ने किया था, जो चोरी के इरादे से उनके घर में घुसा था। हाथापाई के दौरान उन्हें मामूली चोट आई। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस मामले की जांच करेगी और आरोपी की मंशा क्या थी, उसका पता लगाएगी। इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि सैफ और करीना दोनों बेटों के साथ मुंबई के बांद्रा स्थित सतगुरु शरण अपार्टमेंट में रहते हैं। सैफ की दोस्त और फेमस इंटीरियर डिजाइनर दर्शिनी शाह ने इसे डिजाइन किया है। पुराने घर की तरह सैफ के नए घर में भी लाइब्रेरी, आर्ट वर्क, खूबसूरत छत और स्विमिंग पूल है। शाही लुक देने के लिए इस अपार्टमेंट को वाइट और ब्राउन कलर से सजाया गया है। बच्चों के लिए नर्सरी और एक थिएटर स्पेस भी है।
यह भी पढ़े: अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन, शांति और लोकतंत्र के लिए मिला था नोबेल शांति पुरस्कार…
यह भी पढ़े: कल से बिहार में कई ट्रेनों का समय बदल जाएगा, देखिए कौन-कौन रेलगाड़ियों के टाइम में किया गया बदलाव
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












