रवि, अप्रैल 5, 2026

अंबेडकर जयंती पर सपा के ‘दलित दिवाली’ सियासी दांव से बसपा-भाजपा में हलचल

आज बात करेंगे उत्तर प्रदेश की राजनीति की। यहां विधानसभा चुनाव होने में एक साल से भी कम समय बचा है । ऐसे में राजनीतिक दलों के नेता ‘मुद्दे’ तलाशने में जुट गए हैं । यूपी में इन दिनों पंचायत चुनावों में भी पार्टियों के बीच जबरदस्त खींचतान मची हुई है। ग्रामीण स्तर के माने जाने वाले चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बसपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम जोर लगाए हुए है, क्योंकि यह पंचायत चुनाव अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के ‘सेमीफाइनल’ माने जा रहे हैं । लेकिन आज हम बात करेंगे यूपी में सबसे बड़े विपक्षी दल समाजवादी पार्टी की । सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अब एक नया ‘सियासी दांव’ खेला है । बात को आगे बढ़ाने से पहले हम आपको बता दें कि आज 9 अप्रैल है चार दिन बाद यानी 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती है । ऐसे में अखिलेश ने यूपी में दलितों के वोटों का समीकरण साधने के लिए प्रदेश और देश वासियों से आह्वान किया है कि डॉ अंबेडकर की जयंती पर ‘दलित दीवाली’ मनाई जाए। अखिलेश के इस नए सियासी दांवपेच के बाद यूपी में खास तौर पर बसपा खेमे में हलचल मचा दी है । सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा के राजनीतिक अमावस्या के काल में वो संविधान खतरे में है, जिससे बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर ने स्वतंत्र भारत को नई रोशनी दी थी, इसीलिए 14 अप्रैल को समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश, देश व विदेश में ‘दलित दीवाली’ मनाने का आह्वान करती है । सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना संकट भयावह होता जा रहा है, संक्रमित लोगों की संख्या और मौतों में रोजाना वृद्धि हो रही है। कोरोना पर नियंत्रण की पारदर्शी समुचित व्यवस्था के बजाय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के स्टार प्रचारक बने अन्य राज्यों में भाषण देते घूम रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि राज्य सरकार के बेपरवाह भाजपाई कोरोना पर नियंत्रण के झूठे दावे के साथ बस अपनी वाहवाही लूटने में लगे रहे। सपा के इस पहल के बाद भाजपा भी दलित वोटरों को अपने पाले में लाने केेे लिए एक्टिव हो गई है । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नेे भी अंबेडकर जयंती पर दलितों को रिझाने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है ।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News