
पूर्वोत्तर के राज्य असम में आज कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में फिर बवाल हो गया। मणिपुर से चलकर असम तक पहुंची कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को असम पुलिस ने रोक दिया है। मंगलवार को असम पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर यात्रा को गुवाहाटी में प्रवेश करने से रोका। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस दौरान राहुल गांधी भी वहीं मौजूद थे और वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ललकारते नजर आए। राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री पर आरोप लगाए और कहा कि वह सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं।
वहीं, असम सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि जाम की स्थिति से बचने के लिए यात्रा को शहर में नहीं जाने दिया जाएगा। इस पर असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि उन्होंने डीजीपी को निर्देश दिए हैं कि राहुल गांधी के खिलाफ भीड़ को उकसाने का केस दर्ज करें। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बैरिकेड लगा कर रोके जाने पर कहा, आज असम में जिस रास्ते से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकलनी है।


इसी रास्ते से बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैली निकली लेकिन हमारी पदयात्रा को रोक दिया गया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर लगे बैरिकेड हटा दिए हैं। इसलिए ये मत सोचिए कि कांग्रेस का कार्यकर्ता कमजोर है। कांग्रेस का कार्यकर्ता बब्बर शेर है। दरअसल, कांग्रेस का कहना है कि इसी रास्ते पर बीजेपी ने रोडशो किया, बजरंग दल ने रैली निकाली लेकिन किसी को नहीं रोका गया। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में जब राहुल गांधी का काफिला हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ के साथ यहां पहुंचा तो उसे रोक लिया गया। पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया फिर खुद ही बैरिकेडिंग हटाने लगे। इसी के चलते पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष हुआ।
यह भी पढ़े: घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत का जनजीवन किया अस्त-व्यस्त, तीन दिन कोल्ड डे की बनी रहेगी स्थित
यह भी पढ़े: गौतम अडानी मुकेश अंबानी को पछाड़कर एक बार फिर भारत के सबसे रईस और विश्व में 12वें नंबर के बिजनेसमैन बने
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












