कांग्रेस पार्टी आज 139 वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मना रही है। इस मौके पर कांग्रेस आज लोकसभा चुनाव का भी शंखनाद करने जा रही है। कांग्रेस के नेता आज अपने स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय नागपुर में एक मेगा रैली करने जा रहे हैं। कांग्रेस ‘हैं तैयार हम’ के साथ अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत के लिए पूरी तरह तैयार है।

पार्टी नेताओं के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी और राहुल गांधी आयोजित रैली को संबोधित करेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि रैली में देश भर से 10 लाख से अधिक पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। गुरुवार सुबह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस ध्वज फहराया। समारोह में खड़गे, राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, सांसद राजीव शुक्ला, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे। कांग्रेस की आज महारैली इस मायने में महत्वपूर्ण है क्योंकि इसका आयोजन नागपुर में हो रहा है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय और ऐतिहासिक स्थल ‘दीक्षाभूमि’ स्थित है। नागपुर से कांग्रेस विधायक नितिन राउत ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा से कहा, हैं तैयार हम’ थीम के साथ यह रैली पूरे देश में एक अच्छा संदेश देगी। कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए बिगुल बजाएगी।


पार्टी नेताओं के अनुसार, नागपुर के दिघोरी में इस रैली के लिए जोरदार तैयारी चल रही है, जहां लाखों लोग और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार आज नागपुर में महारैली के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पार्टी महासचिवों और सभी प्रदेश प्रभारियों के साथ एक बैठक भी करेंगे। इस बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति पर भी व्यापक रूप से मंथन किया जाएगा। कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती उत्तर भारत के राज्यों में अब जीत हासिल करना है, जिस पर सबसे ज्यादा फोकस किया जा रहा है। वहीँ यहां सीटों के बंटवारे को लेकर उत्तरप्रदेश, बिहार जैसे राज्यों के क्षेत्रीय दलों के साथ भी बातचीत कर रही है।



साल 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने फिर एक और यात्रा निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी पार्टी के साथ अब ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे। आगामी 14 जनवरी से मणिपुर से शुरू होने वाली ये यात्रा 20 मार्च को मुंबई में जाकर खत्म होगी। महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता पटोले ने यह भी कहा कि राहुल गांधी 14 जनवरी से मणिपुर से पश्चिम भारत में मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे। कांग्रेस विधायक ने कहा कि पार्टी ने अपनी विचारधारा और सोच के कारण रैली के लिए नागपुर को चुना है। उन्होंने कहा, एक तरफ संघ की विचारधारा है और दूसरी तरफ संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की विचारधारा है, जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ी हुई है। जनता निश्चित रूप से कांग्रेस के नारे के साथ चलेगी और रैली आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंकेगी। महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीम खान ने कहा कि कांग्रेस ने देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए हैं तैयार हम का नारा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए 1947 से पहले लड़ाई का नेतृत्व किया था और अब कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की अगली लड़ाई का बिगुल फूंकने जा रही है।
यह भी पढ़े:
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












