DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Char Dham Yatra 2021: Uttarakhand Govt Suspend Char Dham Yatra

कोरोना महामारी का असर, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने चार धाम यात्रा की स्थगित

देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देख कर पहले ही अनुमान लगाया जा रहा था कि इस बार चार धाम यात्रा भी स्थगित हो सकती है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इसी को लेकर आज सुबह बड़ी बैठक भी बुलाई । इस बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज मौजूद रहे। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इस बात की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है । कपाट खुलने के दौरान संबंधित रावल तीर्थ पुरोहित और पुजारी ही मौजूद रहेंगे। संबंधित जिले और प्रदेश से लेकर प्रदेश के बाहर के लोग भी पूरी तरह से प्रतिबंधित होंगे। विधि विधान के साथ सिर्फ पुजारी और रावल ही कपाट खोलेंगे। यहां हम आपको बता दें कि चार धाम यात्रा स्थगित किए जाने पर कारोबारियों का उत्साह भी ठंडा पड़ गया है। होटल ढाबों को सजाने संवारने का कार्य नहीं होने से इससे जुड़े कामगार भी मायूस हैं। क्षेत्र में हजारों लोगों की आजीविका यात्रा पर ही टिकी है। ऐसे में यात्रा नहीं चलने से इन लोगों को भविष्य की चिंता सताने लगी है। इससे पहले उत्तराखंड सरकार ने हेमकुंड साहिब की यात्रा भी स्थगित कर दी थी । बता दें कि 14 मई को यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुलने के साथ चार धाम यात्रा शुरू होनी थी। पिछले साल भी उत्‍तराखंड सरकार ने कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए चार धाम यात्रा पर रोक लगा दी थी। इसके बाद राज्य सरकार ने पहली जुलाई से श्रद्धालुओं के लिए चार धाम यात्रा शुरू की थी। जुलाई के अंतिम हफ्ते में राज्य सरकार ने कुछ शर्तों के साथ अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं को चार धाम यात्रा पर आने की अनुमति दी थी। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के तहत श्रद्धालु उत्तराखंड स्थित बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा करते हैं। इस यात्रा में लाखों लोग शामिल होते हैं। यात्रा में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से भक्त यहां पहुंचते हैं।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News