मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का कार्डियक अरेस्ट के चलते मुंबई में हुआ निधन…

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का कार्डियक अरेस्ट के चलते निधन हो गया। वह 72 साल की थीं। सरोज को सांस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के बांद्रा में स्थित गुरु नानक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन पहले ही उनका कोरोना टेस्ट भी कराया गया था, जो नेगेटिव आया था। जानकारी के मुताबिक आज रात 1.52 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। मुंबई के चारकोप कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
सरोज खान डायबिटीज और इससे संबंधित बीमारियों से जूझ रही थीं। इस वजह से उन्होंने बीच में अपने काम से एक लंबा ब्रेक लिया था। साल 2019 में उन्होंने ‘कलंक’ और ‘मणिकर्णिका’ में एक गाने को कोरियॉग्राफ किया था।
सरोज खान का प्रारंभिक जीवन
विभाजन के बाद सरोज खान का परिवार पाकिस्तान से भारत आ गया था। उनका असली नाम निर्मला किशनचंद्र संधु सिंह नागपाल था। उन्होंने महज तीन साल की उम्र में बतौर बाल कलाकार फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। उनकी पहली फिल्म नजराना थी जिसमें उन्होंने श्यामा नाम की बच्ची का किरदार निभाया था।
सरोज खान की शादी महज 13 साल की उम्र में हो गई थी। उन्होंने 43 साल के डांस मास्टर बी सोहनलाल से शादी करने के लिए इस्लाम कबूल कर लिया था। बी सोहनलाल की इससे पहले भी शादी हो चुकी थी, वह चार बच्चों के पिता थे।
50 के दशक में बतौर बैकग्राउंड डांसर शुरू किया था काम
50 के दशक में सरोज खान ने बतौर बैकग्राउंड डांसर काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने कोरियोग्राफर बी. सोहनलाल के साथ ट्रेनिंग ली। 1974 में रिलीज हुई फिल्म गीता मेरा नाम से सरोज खान एक स्वतंत्र कोरियोग्राफर की तरह जुड़ीं हालांकि उनके काम को काफी समय बाद पहचान मिली। सरोज खान की मुख्य फिल्मों में मिस्टर इंडिया, नगीना, चांदनी, तेजाब, थानेदार और बेटा हैं
सरोज खान के जाने से फ़िल्म जगत सदमे में
गौरतलब है कि सरोज खान पिछले 40 साल में दो हजार से भी ज्यादा गानों को कोरियोग्राफ किया था।
सरोज खान के जाने से फिल्म इंडस्ट्री को काफी गहरा झटका लगा है। एक के बाद एक आ रही दुःखद खबरों से फिल्म जगत के लोग सदमे में हैं। सरोज खान के जाने के बाद बॉलीवुड से लेकर आम आदमी तक सरोज खान को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
सुशांत सिंह राजपूत को अपने आखिरी पोस्ट में किया था याद
सरोज खान का अंतिम सोशल मीडिया पोस्ट भी काफी वायरल हो रहा है। उन्होंने अपने आखिरी पोस्ट में सुशांत सिंह राजपूत को याद किया था।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












