
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
भाजपा ने मंगलवार को यूपी के मैनपुरी लोकसभा, रामपुर, खतौली, बिहार के कुरहानी, छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर और राजस्थान के सरदार शहर विधानसभा के लिए प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। बीजेपी ने मैनपुरी उपचुनाव के लिए रघुराज शाक्य को अपने उम्मीदवार बनाया है। इन सीटों पर केंद्रीय चुनाव समिति से अंतिम मुहर लगने के बाद उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया। बीजेपी ने मैनपुरी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ रघुराज शाक्य को टिकट दिया है।

इसके अलावा बीजेपी ने रामपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया है। पार्टी ने आजम खान के इस गढ़ में आकाश सक्सेना को अपना उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी ने मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा उपचुनाव में राजकुमारी सैनी को टिकट दिया है, राजकुमारी सैनी विक्रम सिंह सैनी की पत्नी हैं। जबकि इस सीट पर सपा गठबंधन से आरएलडी ने मदन भैया को उम्मीदवार बनाया है। वहीं राजस्थान के शरदार शहर विधानसभा से अशोक कुमार पिंचा, बिहार के कुरहानी से केदार प्रसाद गुप्ता, छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर (सुरक्षित) से ब्रह्मानंद नेताम को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि रघुराज शाक्य को शिवपाल सिंह यादव का करीबी माना जाता है। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी छोड़कर रघुराज शाक्य ने भाजपा का दामन थाम लिया था। रघुराज शाक्य इटावा सीट से दो बार सांसद रहे हैं। उन्होंने यूपी चुनाव से पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में इसी साल फरवरी माह में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। 53 वर्षीय रघुराज शाक्य प्रगतिशील समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर भी रह चुके हैं। रघुराज शाक्य वर्ष 1999 और 2004 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर इटावा से सांसद चुने गए। वर्ष 2012 में सपा के टिकट पर इटावा सदर सीट से विधानसभा का चुनाव जीता था।
मैनपुरी और खतौली सीट पर 17 नवंबर तक नामांकन होगा। जबकि रामपुर सीट पर 18 नवंबर तक नामांकन होगा। इन सभी सीटों पर पांच दिसंबर को वोटिंग होगी और आठ दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हो गई है। इसी तरह हेट स्पीच मामले में आजम खान को 3 साल की सजा और मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े एक मामले में विक्रम सैनी को मिली 2 साल सजा के बाद ये दोनों सीटें भी खाली हुई है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












