
साउथ फिल्मों के अभिनेता अल्लू अर्जुन अपनी नई फिल्म पुष्पा-2 के प्रमोशन को लेकर देश के कई शहरों में प्रशंसकों से सीधे मिल रहे हैं। लेकिन पिछले दिनों अभिनेता अल्लू अर्जुन के अचानक सिनेमा घर में बिना बताए पहुंचना उनको भारी पड़ गया। अर्जुन की एक झलक पाने के लिए थिएटर में फैंस बेकाबू हो गए और भगदड़ मच गई। जिसमें एक महिला की मौत हो गई। हैदराबाद पुलिस ने एक्टर अल्लू अर्जुन पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। दरअसल, अल्लू अर्जुन बुधवार की रात बिना बताए एक थिएटर में पुष्पा-2 देखने पहुंच गए। उन्हें देखकर फैंस थिएटर में घुसने लगे। इसके चलते भगदड़ मच गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैंस का पूरा हुजूम थिएटर के अंदर घुसने की कोशिश करने लगा, जिससे अंदर भारी भीड़ हो गई और लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। भीड़ को काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पर स्थिति बिगड़ गई। सांस घुटने से कुछ लोग बेहोश भी हो गए, जिन्हें बाद में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन इस दौरान एक महिला की मौत हो गई। इस मामले में अल्लू अर्जुन को जिम्मेदार ठहराया गया है।
मृतक महिला के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने अल्लू अर्जुन और थिएटर मैनेजमेंट के खिलाफ केस दर्ज किया है। हैदराबाद पुलिस सेट्रल जोन के डीसीपी अक्षांस यादव ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया, मृतक महिला के परिवार की ओर से मिली शिकायत पर कारवाई करते हुए चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में धारा 105 (गैर इरादतन हत्या के लिए सजा) और 118 (1) आर/डब्ल्यू 3 (5) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मालमे की जांच जारी है। डीसीपी का कहना है कि सिनेमाघर के अंदर हुई भगदड़ की स्थिति के लिए सभी जिम्मेदार लोगों के ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी ने एक कहा है कि थिएटर ने पुलिस को फिल्म के मुख्य कलाकारों के आने की जानकारी नहीं दी थी।
यही कारण रहा कि फिल्म से जुड़े स्टार्स को देखने के लिए थिएटर के बार लोगों की भीड़ जुट गई और भगदड़ के कारण एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि अल्लू अर्जुन अपनी निजी सुरक्षा के साथ थिएटर पहुंचे, जिसके बाद लोगों ने उनके साथ सिनेमा हॉल में प्रवेश करने की कोशिश की। उनकी निजी सुरक्षा टीम ने जनता को धक्का देना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई, क्योंकि थिएटर में पहले से ही भारी भीड़ जमा थी। मृत महिला का नाम रेवती (39 साल उम्र) बताया जा रहा है। वह पति और दोनों बच्चों के साथ ‘पुष्पा 2’ देखने गई थी। लेकिन जैसे ही अल्लू अर्जुन थिएटर में पहुंचे, वहां फैंस के बीच हो-हल्ला मच गया और एक्टर को देखने के लिए भगदड़ मच गई। इसी में महिला की जान चली गई। वहीं बेटा अभी अस्पताल में है, और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। 500 करोड़ रुपए में बनी अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा-2 रिलीज हो गई है। फिल्म ने गुरुवार दोपहर 3 बजे तक 72 करोड़ रुपए कमा लिए। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, फिल्म पहले दिन 250 करोड़ रुपए से ज्यादा भी कमा सकती है। अगर ऐसा हुआ तो यह पहले दिन सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली इंडियन फिल्म बन जाएगी। जवान ने पहले दिन 65.5 करोड़ का कलेक्शन किया था।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












