
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को लेकर बड़ी घोषणा की है। कांग्रेस ने नारी न्याय गारंटी योजना का देशवासियों से वादा किया है। कांग्रेस ने गरीब महिलाओं, आशा, आंगनबाड़ी, मीड डे मील वर्कर्स के साथ ही कामकाजी महिलाओं को लेकर योजना बनाई है। इसके अलावा गांवों की महिलाओं में कानून जागरूकता को लेकर महिला मैत्री की नियुक्तिक भी बात कही गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर इसका एलान किया। इसके तहत कांग्रेस ने गरीब महिलाओं को हर साल एक लाख रुपए की मदद का वादा किया है। साथ ही कहा कि सरकारी नियुक्तियों में महिलाओं को आधा हक दिया जाएगा। खड़गे ने कहा कि इसके पहले हमने भागीदारी न्याय, किसान न्याय और युवा न्याय घोषित किए हैं। उन्होंने ये भी कहा कि कहने की जरूरत नहीं कि हमारी गारंटी खोखले वादे और जुमले नहीं होते। हमारा कहा पत्थर की लकीर होता है। यही हमारा 1926 से अब तक का रिकॉर्ड है, जब हमारे विरोधियों का जन्म हो रहा था तब से हम मैनिफेस्टो बना रहे हैं और उन घोषणाओं को पूरा कर रहे हैं।
कांग्रेस ने नारी शक्ति को लेकर इन 5 योजनाओं का किया एलान–
- महालक्ष्मी गारंटी: इसके तहत सभी गरीब परिवार की एक महिला को सालाना 1 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।
- आधी आबादी-पूरा हक: इसके तहत केंद्र सरकार की नई नियुक्तियों में आधा हक महिलाओं को मिलेगा।
- शक्ति का सम्मान: इस योजना के तहत आंगनवाड़ी, आशा और मिड-डे मील वर्कर्स के मासिक वेतन में केंद्र सरकार का योगदान दोगुना होगा।
- अधिकार मैत्री: इसके तहत हर पंचायत में महिलाओं को उनके हक के लिए जागरूक करने और जरूरी मदद के लिए अधिकार मैत्री के रूप में एक पैरा-लीगल यानी कानूनी सहायक की नियुक्ति की जाएगी।
- सावित्री बाई फुले हॉस्टल: सभी जिला मुख्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिए कम से कम एक हॉस्टल बनाएंगे और पूरे देश में इन हॉस्टल की संख्या दोगुनी की जाएगी।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












