गुरु, अप्रैल 2, 2026

उपराष्ट्रपति धनखड़ की मिमिक्री करने के मामले में पकड़ा तूल, एनडीए सांसदों ने भी जताया विरोध, विपक्ष का प्रदर्शन जारी

Vice President Dhankhar Mimcri Incident: NDA MPs also protested, opposition demonstration continues

संसद के शीतकालीन सत्र में बुधवार को भी पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच घमासान मचा हुआ है। आज संसद के शीतकालीन सत्र का 13वां दिन है। विपक्ष के 141 सांसदों के निलंबन के विरोध में विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन आज भी जारी है। पहले विपक्षी सांसदों ने गांधी प्रतिमा के सामने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और फिर संसद के मकर द्वार के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारे जाने के मामले में सत्ता पक्ष यानी एनडीए के सांसदों ने अलग तरह से प्रदर्शन किया। संसदीय कार्यों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि उपराष्ट्रपति धनखड़ के समर्थन में एनडीए सांसद राज्यसभा में प्रश्न-उत्तर काल में एक घंटे की कार्यवाही के दौरान खड़े रहे। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित हो गई। बता दें कि संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान 141 विपक्षी सांसदों को सस्पेंड किए जाने के बाद टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने संसद परिसर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपराष्ट्रपति को फोन कर इस मामले पर दुख जताया है। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस पर दुख जताया है। लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। इस मामले में अब दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डिफेंस कॉलोनी थाने में अभिषेक गौतम नाम के एक वकील ने शिकायत दर्ज कराई है, जिसे पुलिस ने स्वीकार किया है।


अभिषेक ने अपनी शिकायत में उपराष्ट्रपति धनखड़ के अपमान का दावा कर तृणमूल सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीसीपी साउथ ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संसद में भारत के उपराष्ट्रपति की मानहानि का आरोप लगाते हुए एक वकील ने शिकायत दी है। इसे नई दिल्ली जिले को भेजा जा रहा है और तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं, ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने संसद से 141 विपक्षी सांसदों के निलंबन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मंगलवार को हस्तक्षेप की मांग की। विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने मांग की कि सांसदों को सत्र के शेष भाग में भाग लेने की अनुमति दी जाए। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह दोनों संसद में हैं। वह सदन में आकर संसद की सुरक्षा में चूक को लेकर जवाब क्यों नहीं देते हैं। पीएम वाराणसी और सूरत में जाकर बयान देते हैं। मीडिया को बयान देते हैं लेकिन सदन में नहीं आते। क्या वह सदन का बायकॉट कर रहे हैं? कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब तक सांसदों का निलंबन वापस नहीं होता, विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहेगा। संसद में हंगामा करने के आरोप में अब तक विपक्ष के 141 सांसद सस्पेंड हो चुके हैं। इनमें 107 लोकसभा और 34 राज्यसभा के हैं। इन सांसदों के संसद में दाखिल होने पर रोक लग गई है। मंगलवार देर रात लोकसभा सचिवालय ने सर्कुलर जारी करके इन सांसदों के पार्लियामेंट चैम्बर, लॉबी और गैलरी में आने पर बैन लगा दिया है।

यह भी पढ़े

यह भी पढ़े

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News