शेख खलीफा के निधन पर शोक व्यक्त करने आज यूएई जाएंगे वेंकैया नायडू, पीएम मोदी, राष्ट्रपति राम कोविंद ने किया शोक व्यक्त

JOIN OUR WHATSAPP GROUP
संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर आज भारत की ओर से संवेदना व्यक्त करने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू यूएई जाएंगे।
मालूम हो की यूएई के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान का कई वर्षों तक बीमारी से जूझने के बाद शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी निधन पर शोक व्यक्त किया था।
वहीं विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू 15 मई को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के दुखद निधन पर संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व में भारत सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात का दौरा करेंगे।
इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को नई दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात के दूतावास का दौरा किया और भारत की संवेदना व्यक्त की। जयशंकर ने ट्वीट किया कि संयुक्त अरब अमीरात के दूतावास में शोक पुस्तक पर हस्ताक्षर किए, संयुक्त अरब अमीरात के दिवंगत राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












