गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए, सीएम धामी ने पहली पूजा पीएम मोदी के नाम पर की

JOIN OUR WHATSAPP GROUP
आज अक्षय तृतीया पर्व पूरे देश में धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस शुभ घड़ी में उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट पूरे विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। इसी के साथ चार धाम यात्रा की शुरुआत भी हो गई है। पहले गंगोत्री धाम के कपाट सुबह 11:15 बजे खोले गए। उद्घाटन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। पहली पूजा सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर की । वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट भी दोपहर 12:15 बजे खोल दिए गए। इससे पहले तमाम तैयारियों के बीच मां गंगा के शीतकालीन प्रवास भैरो घाटी स्थित मुखबा गांव से मंगलवार सुबह 8.20 बजे मां गंगा की उत्सव डोली विधि विधान के साथ गंगोत्री धाम पहुंची। इस दौरान हर हर गंगे, जय मां गंगे के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। बता दें कि इस साल चार धाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए कोविड निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट लाना अनिवार्य नहीं है। तीर्थ यात्रा के लिए रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। केदारनाथ के कपाट 6 मई को खुलेंगे वहीं बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 8 मई को खोले जाएंगे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












