
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव बेटे अखिलेश यादव और शिवपाल यादव को आखिरकार करीब ले आए। पिछले दिनों इटावा में प्रचार के दौरान मुलायम सिंह अखिलेश यादव और शिवपाल यादव एक ही रथ में सवार नजर आए थे। आज शिवपाल यादव को समाजवादी पार्टी में बड़ा सम्मान मिल गया। अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव को उत्तर प्रदेश के बाकी चरणों के चुनाव के लिए स्टार प्रचारक की लिस्ट में शामिल कर लिया है। शिवपाल सिंह यादव अब उत्तर प्रदेश में बचे चार चरणों के लिए प्रचार करेंगे। सपा की ओर से स्टार प्रचारकों की जारी की गई इस लिस्ट को निर्वाचन आयोग के पास भेजा गया है। सपा की जारी की गई 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, किरन मय नंदा, रामगोपाल यादव और डिंपल यादव का नाम भी शामिल है। बाकी बचे चरणों में डिंपल यादव भी सपा के लिए प्रचार करेंगी। स्वामी प्रसाद मौर्या भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल है। यहां आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सभी पुराने गिले-शिकवे भुलाकर मुलायम सिंह का परिवार एकजुट होता दिखाई दे रहा है। शिवपाल यादव इटावा के जसवंतनगर से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। यहां आपको बता दें कि साल 2016 में शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच मनमुटाव बढ़ने की वजह से दोनों अलग हो गए थे। अब यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान दोनों एक मंच पर आ गए हैं। वहीं यूपी में चौथे चरण के होने वाले विधानसभा चुनाव का प्रचार आज शाम 5 बजे थम जाएगा।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












