बर्फीली हवाओं से उत्तराखंड ठंड की चपेट में, देहरादून और आसपास जिलों में कांपे लोग

इस समय देश के अधिकांश राज्य ठंड की चपेट में है। 2 दिनों से लगातार पारा गिर रहा है। उत्तराखंड और राजस्थान में शीत लहर से लोग कांपने लगे हैं। पहाड़ों से चल रही ठंड़ी बर्फीली हवाओं से शनिवार को राजधानी दून और आसपास के इलाकों में पारा गिर गया। इसके कारण लोगों को भीषण ठंड़ और शीतलहर झेलनी पड़ी। दिन में धूप होने के बावजूद तापमान काफी कम रहा। राजधानी देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री तक कम बना हुआ है। शनिवार को सुबह सामान्य समय पर धूप निकल आई लेकिन इसमें चमक और गर्मी काफी कम थी। पूरे दिन इसी तरह हल्की धूप लगी रही। इसके कारण दिन के तापमान में भी कमी दर्ज की गई। लोगों को दिन में भी गर्म कपड़े, मफलर, दस्ताने पहनने पड़े। शाम के समय तेज-तेज ठंड़ी हवाएं चलने से ठंड़ और ज्यादा बढ़ गई। ऐसे ही पहाड़ों की रानी मसूरी में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र ने रविवार को भी कई इलाकों में शीतलहर रहने और पाला गिरने का अनुमान जताया है। ऐसे ही राजस्थान के कई जिलों में शीतलहर चलने की वजह से प्रशासन ने अलाव जलाने की व्यवस्था की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी तापमान में कमी आई है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












