
आज ऐसा मौका पहली बार हुआ है जब ओलंपिक खेलों के महाकुंभ ओलंपिक में भारत को पहले दिन ही पदक मिला हो। भारत की बेटी मीराबाई चानू ने जापान के टोक्यो ओलंपिक में शानदार शुरुआत करते हुए रजत पदक हासिल कर लिया। जैसे ही इसकी खबर लगी पूरा देश झूम उठा और अपनी बेटी पर गर्व करने लगा। राजनीति और तमाम बड़ी हस्तियों ने मीराबाई चानू के शानदार खेल पर बधाई दी है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने जीत का परचम लहराया है। उन्होंने 49 किग्रा में रजत पदक हासिल किया है। उनकी इस कामयाबी को देशभर में सेलिब्रेट किया जा रहा है।

पीएम मोदी व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर,समेत तमाम दिग्गजों ने उन्हें बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘इससे सुखद शुरुआत नहीं हो सकती। मीराबाई चानू के शानदार प्रदर्शन से भारत उत्साहित है । किरण रिजिजू ने लिखा है, टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत को पहला मेडल हासिल हुआ है, मीराबाई चानू ने 49 किलोग्राम महिला वर्ग में सिल्वर मेडल जीता है और भारत को भारत को गौरवान्वित महसूस कराया है। सीएम योगी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘आज फिर भारत की मातृशक्ति ने वैश्विक पटल पर मां भारती को गौरवभूषित किया है’। कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने भी मीराबाई चानू को शुभकामनाएं दी हैं। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी चानू को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति ने बार फिर देश का नाम रोशन किया है । पूरे देश को मीराबाई चानू की इस उपलब्धि पर गर्व है । उनकी यह सफलता अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा देगी।

बता दें कि मीराबाई भारोत्तोलन में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं। स्नैच के बाद मीराबाई चानू दूसरे नंबर पर थीं। इसके बाद क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में मीराबाई चानू 110 किग्रा उठाने में कामयाब रहीं। दूसरे प्रयास में मीराबाई चानू 115 किग्रा वजन उठाने में कामयाब रही थीं। हालांकि वह तीसरे प्रयास में नाकाम रहीं और रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। सीएम नीतीश कुमार ने भी मीराबाई चानू को बधाई दी है, उन्होंने कहा कि मीराबाई चानू ने ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीतकर भारोत्तोलन के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिस पर हर भारतीय गौरवान्वित है। तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने लिखा है, ओलंपिक की शुरुआत के पहले दिन ही भारत की शानदार शुरुआत। मीराबाई चानू को दिल से बधाई, उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत पहला सिल्वर मेडल हासिल किया। इससे पहले आपको बता दें कि कोविड-19 महामारी के भय के बीच 32वें ओलंपिक खेलों की एक साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद शुक्रवार को रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ टोक्यो में शुरुआत हुई । खेलों का आयोजन साल 2020 में होना था लेकिन कोविड-19 की वजह से अब शुरू हुआ है।

टोक्यो 2020 के प्रतीक को प्रदर्शित करने के लिए 20 सेकेंड तक नीली और सफेद रंग की आतिशबाजी की गई, जिसे जापानी संस्कृति में शुभ माना जाता है। जापान के सम्राट नारूहितो अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के प्रमुख थॉमस बाक के साथ स्टेडियम में पहुंचेे। उद्घाटन समारोह में दर्शकों को आने की अनुमति नहीं देने का फैसला कई सप्ताह पहले किया गया था। इसको देखने के लिए स्टेडियम में 1000 हस्तियां ही उपस्थित थीं, जिसमें अमेरिका की पहली महिला जिल बाइडेन भी शामिल हैं। आपको बता दें कि टोक्यो दूसरी बार ओलंपिक की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले उसने 1964 में ओलंपिक का सफल आयोजन किया था।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












