अब पंजाब में महिलाएं मुफ्त में करेंगी बस यात्रा , लेकिन इसके लिए दिखाना होगा राज्य का कोई भी प्रमाण पत्र

पंजाब सरकार ने राज्य में सफर करने वाली महिलाओं और लड़कियों को मुफ्त बस के यातायात की सुविधा देने का निर्णय लिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने अपने ट्वीट में यह साझा करते हुए बताया की हमें यह साझा करने में प्रसन्नता है कि हमारे मंत्रिमंडल ने 1 अप्रैल से राज्य परिवहन बसों में पंजाब की सभी महिलाओं / लड़कियों के लिए राज्य के भीतर मुफ्त यात्रा को मंजूरी दी है। मुझे यकीन है कि यह पंजाब की महिलाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम होगा।
बता दें की इस योजना में पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कोर्पोरेशन (पीआरटीसी), पंजाब रोडवेज (पनबस) और स्थानीय सरकार द्वारा चलाई जाने वाली सिटी बस सेवा की बसें शामिल हैं। यह स्कीम सरकारी एसी बसों, वोल्वो बस और एचवीएसी बसों में लागू नहीं होगी। पंजाब सरकार के इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को पंजाब में रहने के सबूत के तौर पर आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या फिर कोई अन्य दस्तावेज दिखाना होगा।
इसके अलावा अगर पंजाब सरकार का कोई कर्मचारी चंडीगढ़ में रहता है तो भी उसके घर की महिलाएं योजना का लाभ ले सकेंगी। चंडीगढ़ में रहने वालीं पंजाब सरकार की महिला कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिलेगा। खास बात यह है कि हर वर्ग, उम्र और आय वर्ग की महिलाओं को इस योजना में शामिल किया गया है।
पंजाब सरकार का मानना है कि इस योजना से महंगे परिवहन की वजह से स्कूल छोड़ने वाली लड़कियों के अनुपात में कमी आएगी। वहीं कामकाजी महिलाओं को भी सुविधा मिलेगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












