शनि, अप्रैल 4, 2026

Jehanabad News: मेरा सपना: शिक्षा का प्रकाश — शकील अहमद काकवी की सोच से बदला गाँव

जहानाबाद: रात गहरी थी। गाँव की छतों पर उतरती चाँदनी मानो पूरे जहानाबाद की थकान मिटा रही थी। मैं सोने ही वाला था कि नींद जैसे मुझे एक नए संसार की ओर ले गई। सपने में मैं अपने ही गाँव की गलियों में था—वही मिट्टी की सौंधी खुशबू, वही सादगी, वही अपनापन।

गली में खेलते बच्चों की चमकती आँखें मुझे जैसे पुकार रही थीं—
“हमें बस रोशनी चाहिए… दिशा चाहिए… मौका चाहिए।”

उन्हें देखकर मन में एक सवाल उठा—
क्या इन बच्चों के सपने यूँ ही बिखर जाएंगे? या कोई इन्हें दिशा देगा?

यही सोच मेरे भीतर एक क्रांति का बीज बनकर उगने लगी। मुझे महसूस हुआ—ये बच्चे खिलौने नहीं, भविष्य के नेता हैं, समाज की अमानत हैं। तभी निर्णय लिया कि युवाओं से मिलकर इस दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए। कुछ ही दिनों में कई युवा मेरे साथ हो गए। इसी सफर में एक महिला शिक्षिका भी मिलीं, जिन्होंने इस अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझकर साथ देने का वचन दिया।

धीरे-धीरे गाँव में एक आवाज़ गूँजने लगी—

“बेटियाँ और बेटे—सब पढ़ेंगे, तभी गाँव बदलेगा।”

इस दौरान भारतीय शास्त्रों और परंपराओं की सीख मेरे संकल्प को और अधिक मज़बूत करती गई—

  • ऋग्वेद: “विद्या ददाति विनयम्”
  • मनुस्मृति: “विद्यायाः प्राप्यते सुखम्”
  • महाभारत: “न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रम्”
  • तैत्तिरीयोपनिषद्: “सत्यं वद, धर्मं चर, स्वाध्यायान् मा प्रमदः।”

मुझे विश्वास हो गया—
शिक्षा ही समाज का वास्तविक प्रकाश है।

इसके बाद गाँव के बच्चों को इकट्ठा कर “जामिया कायनात” नाम से एक व्यवस्थित पाठशाला की स्थापना की गई। जो बच्चे पहले खुद को महत्वहीन मानते थे, वे आज शिक्षा के सहारे अपना भविष्य खुद लिख रहे हैं।

गाँव में मुस्कुराहट लौटी, उम्मीद लौटी, हिम्मत लौटी।

और फिर कुरान की यह आयत याद आई—
“अल्लाह उस कौम की हालत नहीं बदलता, जो खुद को बदलने की कोशिश नहीं करती।”

जब बच्चों की संख्या बढ़ी, तो यह विचार आया कि पुरानी बंद हवेली के जंग लगे ताले खोले जाएँ और वहीं शिक्षा की नई शमा जलाई जाए। दिल ने कहा—

**“मेरी कोशिश को सराहो, मेरे हमराह चलो…

मैंने एक शमा जलाई है हवाओं के खिलाफ।”**

फिर एक नई सोच जन्मी—गाँव को “त” शब्द की ताकत से जगाने की:

  • त — तालीम (शिक्षा)
  • त — तंजीम (संगठन)
  • त — तहरीक (अभियान)
  • त — तिजारत (आर्थिक उन्नति)

गूँजने लगा हमारा नारा—

“मेरे गाँव की यही पहचान—पढ़ा-लिखा हो हर इंसान।”

सपने में ही मैं बोलने लगा—

“आधी रोटी खाएंगे, बच्चों को पढ़ाएंगे…
अब जाग उठे हैं हम, कुछ करके दिखाएंगे…”

और फिर—मेरी नींद खुल गई।

लेकिन सपना नहीं टूटा। वह सपना अब हक़ीक़त बनने की राह पर है—
जहानाबाद में शिक्षा का दीप जल रहा है… और यह रोशनी दूर तक जाएगी।

Jehanabad News: My Dream: The Light of Education – Shakeel Ahmad Kakvi’s Vision Changed the Village

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News