
पहले ना फिर हां, फिर ना और फिर हां। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन पिछले एक पखवाड़े से उधेड़बुन की स्थिति में थे। आगे की सियासत के लिए सोरेन ने दिल्ली से झारखंड के कई चक्कर लगाए। आखिरकार झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन अपनी सियासत की नई पारी भाजपा के साथ खेलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह फैसला केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद लिया है। तीन दिन बाद 30 अगस्त को रांची में सोरेन भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस बात की जानकारी असम मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर दी। हिमंता ने लिखा- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के एक प्रतिष्ठित आदिवासी नेता, चंपई सोरेन ने कुछ देर पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वह 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे। चंपाई सोरेन ने कहा था कि मुख्यमंत्री के तौर पर उनको घोर अपमान का सामना करना पड़ा। इसी वजह से उनको अलग रास्ता चुनने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि जुलाई के पहले हफ्ते में उनके सभी सरकारी कार्यक्रम पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें बिना अचानक रद्द कर दिए गए थे। जब मैंने वजह पूछी तो मुझे बताया गया कि तीन जुलाई को पार्टी विधायकों की बैठक है। मैं तब तक किसी सरकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकता हूं। इसके बाद चंपाई सोरेन ने घोषणा की थी कि वह जल्द ही अपने अगले राजनीतिक कदम पर फैसला करेंगे। वह राजनीति नहीं छोड़ेंगे। उनके लिए नया सियासी दल बनाने का विकल्प हमेशा खुला है। हां यदि रास्ते में कोई अच्छा दोस्त मिल गया तो उसके साथ भी आगे बढ़ सकता हूं। चंपाई सोरेन के इस बयान के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। वहीं झामुमो नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर उनकी पार्टी के नेताओं को लुभाने का आरोप लगाया था। वहीं चंपाई सोरेन ने 21 अगस्त को अपने आवास पर नई राजनीतिक पार्टी बनाने का एलान किया था। चंपाई ने कहा था, ‘हम राजनीति से संन्यास नहीं लेने जा रहे हैं। हमने जो अध्याय शुरू किया है, उसका चैप्टर बदलता रहेगा। नए संगठन को मजबूत करेंगे। रास्ते में कोई दोस्त मिला तो दोस्ती करेंगे।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












