
नेपाल में आज एक दुखद हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की एक बस शुक्रवार दोपहर 11:30 बजे नेपाल कीतनाहुन जिले में मार्स्यांगडी नदी में गिर गई। इसमें लगभग 40 यात्री सवार थे। 14 की मौत हो गई है। इनमें एक बच्चा भी है। 16 लोग घायल हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर है। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी के अनुसार, बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी। स्थानीय पुलिस घटना स्थल पर राहत बचाव कार्य में जुटी है ।
गोरखपुर की बस (यूपीएफटी 7623) मार्स्यांगडी नदी में गिरी। बस प्रयागराज से महाराष्ट्र के 42 पर्यटकों को लेकर चित्रकूट होते नेपाल गई थी। चारु नाम के व्यक्ति ने गोरखपुर में तरंग चौक के पास स्थित केसरवानी ट्रेवल के ऑफिस जाकर बस बुक कराई थी। तनाहुन के डीएसपी दीपकुमार राया ने पुष्टि की, यूपी एफटी 7623 नंबर प्लेट वाली बस नदी में गिर गई और नदी के किनारे पड़ी हुई है। गोरखपुर डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि बस गोरखपुर के केसरवानी टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी की है। महाराष्ट्र के लोगों ने बस बुक की थी। दो बसों से करीब 110 लोग यूपी के प्रयागराज, अयोध्या होते हुए नेपाल की यात्रा पर गए हुए थे। सशस्त्र पुलिस बल नेपाल आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण स्कूल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) माधव पौडेल के नेतृत्व में 45 सशस्त्र पुलिस बल कर्मियों की एक टीम दुर्घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रही है। इससे पहले इस साल जुलाई में दो बस उफनती त्रिशूली नदी में बह गए थे। दोनों बस में कुल 65 लोग सवार थे।
यह भी पढ़े: इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से राजनीतिक पार्टियों को मिलने वाले चुनावी चंदे पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












