
लगातार हो रही बारिश से सिक्किम के कई हिस्सों को काफी बड़ा नुकसान पहुंचा है। यहां हाल ही में हुई बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या अब 9 हो गई है। इसमें से तीन लोगों की मौत सोमवार को हुई। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम तक राज्य में करीब 2,000 पर्यटक फंसे हुए हैं।
वहीं सिक्किम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि सिक्किम सरकार ने राहत और बुनियादी जरूरतें मुहैया कराने के लिए कदम उठाए हैं। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के शपथ ग्रहण समारोह के लिए ईटानगर में मौजूद मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा, “पीड़ितों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें रिकवरी हेल्प, अस्थायी बंदोबस्त और बुनियादी जरूरतों का प्रावधान शामिल है।”
उत्तरी सिक्किम को भारी नुकसान







जानकारी के मुताबिक, चीन की सीमा से सटा राज्य का सबसे उत्तरी क्षेत्र मंगन जिला सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले में बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह के बीच 220 मिमी से अधिक बारिश हुई। वहीं लगातार बारिश के बाद मंगन के आसपास के इलाकों और उत्तरी सिक्किम के विभिन्न स्थानों पर भारी और विनाशकारी भूस्खलन हुआ है।
भूस्खलन के कारण कई सड़कें डैमेज हो गईं हैं और वहां ट्रैफिक बाधित है। इसके अलावा कई घरों को नुकसान पहुंचा है और मंगन के कई इलाकों में बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। जोंगू इलाके में भूस्खलन के कारण अपर ग्याथांग और तराग गांवों के कई घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिला मुख्यालय मंगन की ओर जाने वाली सड़क कट गई है। जिला मैजिस्ट्रेट हेम कुमार छेत्री ने कहा: “लाचेन और लाचुंग जैसे स्थानों पर दो हजार से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं, लेकिन वे सभी सुरक्षित हैं।”
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












