हरियाणा के कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार-शनिवार की रात श्रद्धालुओं से भरी बस में अज्ञात कारणों से आग लगने की घटना सामने आई है। इस दौरान बस में सवार आठ लोग जिंदा जल गए जबकि दो दर्जन से अधिक बुरी तरह झुलस गए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है।
चलती बस में आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। हादसे के शिकार लोग पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो मथुरा और वृंदावन दर्शन कर लौट रहे थे।

बता दें कि इस घटना के बाद बस में सवार पीड़ित श्रद्धालुओं ने बताया कि बीते शुक्रवार को एक टूरिस्ट बस किराए पर कर बनारस और मथुरा वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बस में 60 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह सभी नजदीकी रिश्तेदार थे जो पंजाब के लुधियाना, होशियारपुर और चंडीगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार-शनिवार की रात वह दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात डेढ़ बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने बताया कि वह आगे की सीट पर बैठी हुई थीं। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाल लिया गया।
वहीं घटनास्थल पर मदद के लिए पहुंचे ग्रामीण साबिर,नसीम, साजिद, एहसान आदि ने बताया कि देर रात करीब 1:30 बजे एक चलती बस में उन्हें आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने आवाज लगाकर चालक को बस रोकने को कहा लेकिन बस नहीं रुकी। फिर एक युवक ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस का पीछा किया और चालक को आग लगने सूचना दी। इसके बाद बस रुकी लेकिन तब तक बस में आग काफी तेज हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी बहुत देर से पहुंची। तब तक बस में सवार लोग बुरी तरह झुलस चुके थे। जिनमें आठ की मौत हो गई। तावडू सदर थाना पुलिस ने पहुंचकर एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। फिल्हाल आज लगने के कारणों का पता नही चल पाया है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












