10 घंटे लंबी पूछताछ के बाद आखिरकार ईडी ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार सुबह ईडी की टीम शराब घोटाले के मामले में पूछताछ करने के लिए दिल्ली स्थित संजय सिंह के घर पहुंची थी। लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने बुधवार शाम करीब 5:30 बजे संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी नीति केस की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है। इस केस में मनीष सिसोदिया फरवरी से ही जेल में हैं। ईडी की चार्जशीट में संजय सिंह पर 82 लाख रुपये का चंदा लेने का जिक्र है। इसको लेकर ही ईडी ने बुधवार को उनके घर पर छापा मारा था। संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी के दफ्तर में एक बड़ी बैठक बुलाई गई है। आम आदमी पार्टी के आधिकारिक X हैंडल से संजय सिंह का एक भावुक करने वाला वाडियो शेयर किया गया है, जिसमें वह गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम के साथ जान से पहले अपनी मां के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए नजर आ रहे हैं। इसमें संजय सिंह को अपनी मां से कहते हुए देखा जा रहा है, चिंता न करो, हिम्मत से रहो। आप ने कैप्शन में लिखा, जिसके सिर पर मां का आशीर्वाद हो, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हर क्रांतिकारी को जेल देखनी होती है, आज संजय सिंह को भी यह सौभाग्य प्राप्त हुआ। ना डरे थे, ना डरेंगे, अन्याय के खिलाफ लड़ते रहेंगे। संजय सिंह के गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने अपने X हैंडल से पोस्ट किया, संजय सिंह की गिरफ्तारी बिल्कुल गैर कानूनी है। ये मोदी जी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करेंगे।
