
राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद मनोज झा आए दिन चैनलों में डिबेट कार्यक्रमों में बहस करते हुए मिल जाएंगे। इसके साथ जब-जब संसद की कार्यवाही होती है तब मनोज झा सदन में बड़ी बेबाकी के साथ अपनी बात रखते हैं। सदन में वह अच्छे प्रवक्ता के रूप में जाने जाते हैं। लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव भी अपने सांसद मनोज झा के भाषणों की खूब सराहना करते हैं। लेकिन पिछले दिनों संसद के विशेष सत्र में मनोज झा के बयान पर इन दोनों बिहार में बवाल बचा हुआ है। सदन में ‘ठाकुर’ पर पढ़ी गई कविता अब उनके गले पड़ गई है। जिसके बाद बिहार में विरोध शुरू हो गया है। बता दें कि महिला आरक्षण बिल पर सदन में अपनी बात रखते हुए आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा था कि इस बिल को दया भाव की तरह पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा था कि दया कभी अधिकार की श्रेणी में नहीं आ सकता है।
आखिरी में उन्होंने ओमप्रकाश वाल्मीकि की कविता पढ़कर अंदर के ठाकुरों को मारने का आह्वान किया था। “चूल्हा मिट्टी का, मिट्टी तालाब की, तालाब ठाकुर का। भूख रोटी की, रोटी बाजरे की, बाजरा खेत का, खेत ठाकुर का। बैल ठाकुर का, हल ठाकुर का, हल की मूठ पर हथेली अपनी, फसल ठाकुर की। कुआं ठाकुर का, पानी ठाकुर का, खेत-खलिहान ठाकुर के, गली-मोहल्ले ठाकुर के फिर अपना क्या?” मनोज झा के इसी बयान पर बिहार में बवाल मच गया है। संसद भवन में मनोज झा की ठाकुरों को लेकर पढ़ी गई कविता के बाद बिहार के बाहुबली नेता आनंद मोहन ने कहा कि अगर मैं राज्यसभा में होता तो उनकी जीभ खींच लेता और आसन की ओर उछाल देता। वही आनंद मोहन के बेटे और बिहार के शिवहर से राजद विधायक चेतन आनंद ने भी कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा है कि अगर आपको खून की जरूरत पड़ गई तो क्या आप ये देखेंगे कि खून ठाकुर का है, नहीं लेंगे। ठाकुर का टाइटिल समझते हैं? ठाकुर होता है देनेवाला। हमलोग तो भगवान श्रीकृष्ण को भी ठाकुर बोलते हैं। चले हैं ठाकुर मारने। हम तो चेतन आनंद लिखते हैं, आप क्यों मनोज झा लिखते हैं। ये ऐसे नहीं चलता। जब जब ऐसी बात आएगी, कहीं भी आएगी, किसी के द्वारा आएगी। चाहे वो मेरी पार्टी का ही क्यों न हो, हम विरोध करेंगे। चेतन आनंद बिहार के दिग्गज नेता आनंद मोहन और उनकी पत्नी लवली आनंद के बेटे हैं। आनंद और लवली, दोनों सांसद रह चुके हैं। इससे पहले बीजेपी विधायक नीरज बबलू ने कहा कि वो पटककर मनोज झा का मुंह तोड़ देते। भाजपा विधायक बबलू ने कहा कि आरजेडी लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है। जात से जात को फिर से लड़ाने की साजिश हो रही है। ठाकुरों ने देश की रक्षा की, आजादी की लड़ाई में साथ दिया। भारत को आजाद कराया। ठाकुरों ने ही भारत की संस्कृति बचाई वरना भारत का नाम मुगलिस्तान होता। वहीं राष्ट्रीय जनता दल की ओर से मनोज झा के समर्थन में ट्वीट किया गया है। आरजेडी के ट्विटर अकाउंट से मनोज झा के भाषण की यूट्यूब लिंक को ट्वीट करते हुए लिखा, राज्यसभा सांसद मनोज झा जी का विशेष सत्र के दौरान दिया गया दमदार शानदार और जानदार भाषण रहा।
यह भी पढ़े:
यह भी पढ़े: