
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
प्रदेश की 760 नगरीय निकायों के चुनाव की मतगणना शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। 75 जिलों के 353 केंद्रों पर लगभग 35 हजार कर्मी मतों की गणना कर रहे हैं। नगर पंचायत सदस्यों के नतीजे सुबह नौ बजे के बाद से ही आने शुरू हो गए थे। प्रदेश के 17 नगर निगमों के नतीजे आ गए हैं। सभी सीटों पर बीजेपी ने क्लीन स्वीप किया है। सपा, बसपा और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला। उत्तर प्रदेश में हुए निकाय चुनाव की मतगणना शनिवार सुबह शुरू हुई। वोटों की गिनती शुरू होते ही भाजपा ने लीड बनानी शुरू कर दी । वहीं समाजवादी पार्टी, बसपा और कांग्रेस की बुरी हार हुई है।
यह चुनाव सीएम योगी के लिए अग्निपरीक्षा माना जा रहा था। इसमें उन्हें सफलता मिली है। भाजपा की ओर से इस बार नगर निकाय चुनाव को लेकर विशेष रूप से रणनीति तैयार की गई। इसके आधार पर चुनावी अभियान को चलाया गया। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व की भी यह परीक्षा थी। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा ने मेयर चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज कर एक बड़ा संदेश दे दिया है। समाजवादी पार्टी को माय समीकरण में सेंधमारी का सामना करना पड़ा। वहीं, मायावती एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में आगे बढ़ती दिख रही है। यूपी निकाय चुनाव में मिली जीत पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी नगर निगमों में पहली बार जीत मिली है। इस बार दोगुने से ज्यादा पालिकाओ में बीजेपी उम्मीदवार जीते। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए मतदाताओं का समर्थन लेने के लिए राज्य के विभिन्न शहरों में रोड शो किया. मैनपुरी से लोकसभा सांसद डिंपल यादव ने भी पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले नगरीय निकाय चुनाव को प्रदेश के शहरी मतदाताओं के बीच राजनीतिक दलों की स्थिति के आकलन की कसौटी के रूप में देखा जा रहा है। यूपी निकाय चुनाव में बीजेपी के शानदार प्रदर्शन पर गृहमंत्री अमित शाह की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर सभी कार्यकर्ताओं, भूपेंद्र सिंह चौधरी व पूरी टीम को बधाई। यह विजय नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में योगी आदित्यनाथ की सरकार के जनकल्याण के कार्यों पर मुहर है।
यूपी के इन 17 सीटों पर भाजपा के ये प्रत्याशी रहे विजयी–
आगरा में भाजपा की मेयर प्रत्याशी हेमलता दिवाकर जीत गईं हैं। बसपा प्रत्याशी डॉ. लता वाल्मीकि को हराया है। मेरठ में भाजपा मेयर प्रत्याशी हरिकांत अहलूवालिया ने जीत दर्ज की है। हरिकांत ने सपा की सीमा को हराया है। मुरादाबाद से बीजेपी के विनोद अग्रवाल जीत गए हैं। उन्हें 1,21,415 वोट मिले हैं। 3589 वोटों से कांग्रेस के हाजी रिजवान कुरैशी को हराया है। लखनऊ में भाजपा मेयर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल जीत गईं हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी वंदना मिश्रा को हराया है। प्रयागराज में बीजेपी प्रत्याशी उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी 1 लाख 29 हजार 394 मतों से सपा प्रत्याशी अजय कुमार श्रीवास्तव को हराया है। अजय कुमार को 1 लाख 62 हजार 42 मत मिले। यहां कुल 494344 वोट पड़े थे। गाजियाबाद से भाजपा मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल 2 लाख 87 हजार वोटों से जीत गई हैं। अलीगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रशांत सिंघल की जीत। सिंघल को 60902 वोट मिले हैं। समर्थकों ने जय जय श्री राम और वंदे मातरम के नारे लगाए। कानपुर में भाजपा प्रत्याशी प्रमिला पांडे ने सपा की वंदना वाजपेई को हरा दिया है। फिरोजाबाद में भाजपा प्रत्याशी कामिनी राठौर ने सपा प्रत्याशी मशरूम फातिमा को 26961 वोटों से हरा दिया है। बरेली महापौर सीट पर डॉ. उमेश गौतम दूसरी बार भाजपा के मेयर चुने गए हैं। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर को हरा दिया है। शाहजहांपुर से भाजपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा 30256 वोट से जीत गई हैं। अर्चना को 80740 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस को 50484, सपा को 20144 और बसपा को 5573 वोट मिले हैं। गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने 67,026 वोटों से सपा प्रत्याशी काजल निषाद को हरा दिया है। मंगलेश श्रीवास्तव को 2,14,983 और काजल निषाद को 1,47,957 वोट मिले हैं। झांसी में भाजपा के मेयर प्रत्याशी बिहारीलाल ने 80 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के अरविंद कुमार बबलू हैं।
अयोध्या में भाजपा प्रत्याशी गिरिश पति तिवारी ने सपा को हराया है। मथुरा से भाजपा मेयर प्रत्याशी विनोद अग्रवाल जीत गए हैं। दूसरे नंबर पर सपा रही।
वाराणसी में भाजपा के मेयर प्रत्याशी अशोक तिवारी ने जीत हासिल की है। अशोक तिवारी ने सपा के ओमप्रकाश सिंह को बड़े अंतर से हराया है।
सहारनपुर में भाजपा के डॉ. अजय सिंह ने बसपा की खदीजा मसूद को 8850 वोटों से हराया है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में बीजेपी ने 199 सीटों में से 99 पर बढ़त बनाई हुई है। सपा और निर्दलीय में टक्कर चल रही है। सपा 37 सीटों तो निर्दलीय 39 सीटों पर लीड कर रहे हैं। इसी तरह नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में बीजेपी 544 सीटों में से 181 सीटों पर बीजेपी लीड कर रही है, जबकि निर्दलीय 159 सीटों और सपा 76 सीटों पर आगे है। यूपी नगर निकाय चुनाव में 17 मेयर, 1420 पार्षद, नगर पालिका परिषदों के 199 अध्यक्ष, नगर पालिका परिषदों के 5327 सदस्य, नगर पंचायतों के 544 अध्यक्ष और नगर पंचायतों के 7178 सदस्यों के निर्वाचन के लिए दोनों चरणों में मतदान हुआ। चुनाव में 17 महापौर और 1,401 पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान हुआ। बता दें कि यूपी में 17 नगर निगमों में मेयर पदों के लिए चुनाव हुआ था। इनमें आगरा, झांसी, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, सहारनपुर, मेरठ, लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन शामिल हैं। निकाय चुनाव के लिए दो चरणों में चार मई व 11 मई को मतदान हुआ था। नगर निगमों में ईवीएम व नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में मतपत्रों के जरिए मतदान कराया गया था।