पंजाब कांग्रेस में कलह जारी, आज दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात करेंगे सुनील जाखड़

पंजाब कांग्रेस का घमासान मुख्यमंत्री बदलने के बाद भी अब तक नहीं शांत हुआ है। राज्य में अब हरीश रावत के बयान से नाराज पूर्व पीपीसीसी प्रधान सुनील जाखड़ दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। संभावना यह है कि सुनील जाखड़ दिल्ली में राहुल गांधी के साथ बैठक करेंगे,। यहाँ प्रियंका गांधी के भी बैठक में हिस्सा लेनें की संभावना है।
बता दें कि चरणजीत चन्नी को सीएम बनाए जाने के बाद हरीश रावत ने बयान दिया था कि अगले चुनाव में नवजोत सिद्धू पार्टी का चेहरा होंगे। इस पर पूर्व पार्टी प्रधान सुनील जाखड़ ने कड़ा विरोध जताया था। बाद में रावत ने कहा था कि चुनाव चन्नी-सिद्धू की अगुवाई में लड़ा जाएगा लेकिन तब तक इस मुद्दे पर सियासत गरमा गई थी। अब बुधवार शाम को सुनील जाखड़ नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी थे, जो शिमला से नई दिल्ली जाने के लिए चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पहुंचे थे।
कांग्रेस ने दी सफाई :
विवाद बढ़ता देख आलाकमान को इस जंग में कूदना पड़ा। जिसके बाद राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बयान जारी किया कि उन्होंने हरीश रावत से बात की है, रावत ने उन्हें बताया कि मीडिया उनके बयान को ठीक ढंग से नहीं समझ पाया। इसलिए मैं इस बात को दोहराता हूं कि हमारे सीएम चरणजीत सिंह चन्नी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू हैं। दोनों नेता सब नेताओं के साथ मिलकर पंजाब का चुनाव लड़ेगे। यही वास्तविकता और सत्य है।